Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

एसआईआर अभियान में पात्र मतदाताओं का नाम नहीं कटना चाहिए : भूपेन्द्र मरावी

चाईबासा: कांग्रेस भवन, चाईबासा में मंगलवार को सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र स्तरीय सांगठनिक समीक्षा सह संवाद बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रंजन बोयपाई ने की। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी भूपेन्द्र मरावी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू तथा सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी एवं सांसद काली चरण मुंडा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान की समीक्षा, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता और मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

भूपेन्द्र मरावी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत मतदाता है और मतदाता सूची उसकी आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए। उन्होंने बीएलए-2 से अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर संपर्क करने और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य नागरिक का नाम सूची से हटता है तो समयबद्ध तरीके से आपत्ति और पुनः नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई जानी चाहिए।

सांसद काली चरण मुंडा ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक बूथ को मजबूत और सक्रिय बनाने की अपील की।

बैठक को प्रदेश महासचिव (संगठन एवं प्रशिक्षण) सुनीत शर्मा, पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर, सरायकेला-खरसावां जिला प्रभारी बेलस तिर्की, जिलाध्यक्ष राज बागची, पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष अम्बर रायचौधरी, विधानसभा प्रभारी चंद्रशेखर दास, प्रिंस सिंह, मायाधर बेहरा, रईस रिजवी छब्बन, नितिमा बारी बोदरा, राज कुमार यादव तथा विभिन्न प्रखंड अध्यक्षों ने भी संबोधित किया।

बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रंजन बोयपाई ने दिया।

बैठक में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की मजबूती, संविधान की रक्षा तथा प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का निर्णय लिया गया।

बैठक के अंत में झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। बैठक में सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, प्रकोष्ठ एवं विभाग संगठन के अध्यक्ष, चेयरमैन, संभावित जिला पदाधिकारी, प्रखंड एवं नगर अध्यक्ष, कार्यालय सचिव सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Related Post