चाईबासा: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के चाईबासा परिसदन में आयोजित तीन दिवसीय जनसंपर्क एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कार्यक्रम के दौरान भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमन्त कुमार केशरी ने जिले की लंबित केंद्रीय योजनाओं का मुद्दा उठाया।
हेमन्त कुमार केशरी ने बाबूलाल मरांडी को जिले में चार रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और बायपास सड़क निर्माण योजनाओं के लंबे समय से लंबित रहने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के अधूरे रहने से आम लोगों और परिवहन क्षेत्र को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्याप्त अव्यवस्था की ओर भी उनका ध्यान आकर्षित कराया।
हेमन्त कुमार केशरी ने जनहित में इन योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया। इस पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वे इस मामले में राज्य सरकार से त्वरित कार्रवाई कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय योजनाओं के धरातल पर नहीं उतरने से उत्पन्न विसंगतियों को दूर करने के लिए सार्थक पहल की जाएगी, ताकि रेलवे और सड़क परिवहन से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके।

