बोकारो: पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश के आलोक में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में सेक्टर-06 थाना एवं ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में विगत दिनों शहर के विभिन्न विद्यालयों के बाहर “No Bike for Minors” अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विद्यालयों में अनाधिकृत रूप से दोपहिया वाहन लेकर आने वाले नाबालिग छात्रों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों का चालान किया गया। साथ ही संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों से शपथ-पत्र लिया गया कि वे भविष्य में अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति नहीं देंगे।
अब तक इस अभियान के अंतर्गत 19 वाहनों का चालान किया जा चुका है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
बोकारो पुलिस सभी अभिभावकों से अपील करती है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। नाबालिग द्वारा वाहन चलाना सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर विषय है तथा मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। अभिभावकों का सहयोग ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं बच्चों के सुरक्षित भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

