Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

कलयुगी बहू ने परिवार को मारने की रची साजिश, खाने और पानी में मिलाया जहरीला पदार्थ

सेन्हा-लोहरदगा: झारखंड राज्य के विभिन्न जिला व प्रखंड क्षेत्र से आए दिन घरेलू विवाद को लेकर कुछ न कुछ सुर्खियों में देखने व सुनने को मिलता रहता है। लेकिन आज लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना अंतर्गत उगरा पंचायत क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मामला उगरा भगत टोली निवासी स्वर्गीय अदरा उरांव के पुत्र प्रभु उरांव के घर का है।

बताया जाता है कि प्रभु उरांव के पुत्र सुजीत उरांव की 26 वर्षीय पत्नी सोनामुनि उरांव ने घरेलू विवाद के बाद पूरे परिवार को जान से मारने की नीयत से खाने एवं पीने के पानी में जहरीला पदार्थ मिला दिया और घर से फरार हो गई। इसकी जानकारी परिवार वालों को खाना खाने से पहले ही मिल गई, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। लोगों की सलाह पर परिवार के किसी भी सदस्य ने खाना नहीं खाया और मामले की शिकायत लेकर सेन्हा थाना पहुंचे, जहां बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद ननद और भाभी के बीच हुआ था। भाभी का कहना था कि ननद ने परिवार के विरुद्ध जाकर अंतरजातीय विवाह किया है, इसलिए इस घर में उसके लिए कोई जगह नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि परिवार वालों का कहना है कि उन्हें अंतरजातीय विवाह से किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है। परिवार के सदस्य ननद का पक्ष रखते हुए बहू सोनामुनि उरांव को शांत रहने की सलाह दे रहे थे। इसी दौरान सोनामुनि उरांव को लगा कि परिवार के सभी सदस्य उसके खिलाफ हैं। आरोप है कि इसी कारण उसने खाना और पानी में जहरीला पदार्थ मिला दिया और घर से फरार हो गई।

इस संबंध में थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि खाना और पानी में जहर मिलाने की सूचना मिली है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Related Post