चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और निर्धारित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। संजय कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का समय पर निष्पादन किया जा सके।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ स्तर के बीएलए-2 के माध्यम से मतदाता सूची का गहन सत्यापन कराने का आग्रह किया। साथ ही नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा आवश्यक संशोधन संबंधी प्रपत्र समय पर जमा कराने में निर्वाचन प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
संजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी रखे।
बैठक में कांग्रेस से त्रिशानु राय, भाजपा से रंजन प्रसाद, झामुमो से कैसर परवेज तथा आजसू से अजय महतो उपस्थित थे।

