चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को राज्य सरकार की उन्नति का पहिया योजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहले चरण में पीएमश्री बालिका मध्य विद्यालय की 128 छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी ने छात्राओं को साइकिल सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रखंड प्रशासन के अनुसार गोइलकेरा प्रखंड में इस योजना के तहत कक्षा आठ के करीब 1450 छात्र-छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना और ड्रॉपआउट की समस्या को कम करना है।
मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। आज के छात्र-छात्राएं ही भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क शिक्षा, छात्रवृत्ति, पोशाक, मध्याह्न भोजन और साइकिल वितरण जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान पीएमश्री बालिका मध्य विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सतीश चंद्र प्रधान ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर विधायक जगत माझी ने उपायुक्त से वार्ता कर जल्द ही इस समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजय कुमार यादव, बीपीओ राजेश कुमार गुप्ता, झामुमो नेता अकबर खान, विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

