Breaking
Fri. Jul 3rd, 2026

मलेरिया-डायरिया पर रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान तेज, चाईबासा से प्रचार रथ रवाना

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मलेरिया और डायरिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। शुक्रवार को जिला समाहरणालय परिसर से जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार और सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी की मौजूदगी में जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह प्रचार रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को मलेरिया एवं डायरिया से बचाव के उपायों की जानकारी देगा। अभियान के तहत स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल के उपयोग, समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, लक्षण दिखाई देने पर तत्काल उपचार लेने तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

जिला प्रशासन का उद्देश्य व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना और मलेरिया व डायरिया जैसी बीमारियों के प्रभाव को कम करना है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने मलेरिया और डायरिया नियंत्रण को लेकर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया तथा आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी लिया।

Related Post